UKSSSC Recruitment 2026: उत्तराखंड में कृषि विभाग के 90 पदों पर निकली भर्ती, जानिए योग्यता, आवेदन तिथि और परीक्षा शेड्यूल
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी (AAO) और चारा सहायक के कुल 90 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 21 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत कृषि एवं पशुपालन सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न श्रेणियों के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। सबसे अधिक पद सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 के लिए निर्धारित किए गए हैं।
पदों के विवरण पर नजर डालें तो सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 (विकास शाखा) के 7 पद, सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 के 82 पद और चारा सहायक (ग्रुप-3) का 1 पद शामिल है। कुल मिलाकर 90 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
आयोग ने आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को फॉर्म में सुधार का अवसर भी दिया है। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उम्मीदवार 24 जून से 26 जून 2026 के बीच करेक्शन विंडो के माध्यम से संशोधन कर सकेंगे।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 के लिए कृषि विषय में एमएससी (M.Sc Agriculture) अनिवार्य है, जबकि सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 और चारा सहायक पदों के लिए बीएससी एग्रीकल्चर (B.Sc Agriculture) की डिग्री आवश्यक होगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 21 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर होगी। आयोग की ओर से प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार भर्ती परीक्षा 26 जुलाई 2026 को आयोजित की जा सकती है। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा।
महत्वपूर्ण तिथियां
आवेदन शुरू : 1 जून 2026
आवेदन की अंतिम तिथि : 21 जून 2026
आवेदन संशोधन : 24 से 26 जून 2026
संभावित परीक्षा तिथि : 26 जुलाई 2026
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करते समय सभी जानकारियां सही भरें और भर्ती से जुड़े अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।


रामनगर में दर्दनाक हादसा: कोसी नदी में नहाने गए दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम
आज का राशिफल (08 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!