नेपाल सीमा पर सतर्क हुआ उत्तराखंड, सीएम धामी ने उच्चस्तरीय बैठक कर दिए कड़े निर्देश

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। पड़ोसी देश नेपाल में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बीच उत्तराखंड सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और राज्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

सीएम धामी ने नेपाल से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा स्थिति का विस्तार से जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमावर्ती इलाकों में गहन चेकिंग अभियान चलाए जाएं। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी असामाजिक या विघटनकारी तत्व की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने अफवाह और भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर सख्ती से नकेल कसने, सोशल मीडिया की निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड मौसम अपडेट: आज और कल साफ रहेगा मौसम, चारधामों में कड़ाके की ठंड, 9 फरवरी से बदलेगा मिजाज

सीएम धामी ने जिला प्रशासन को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और एसएसबी के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र की निगरानी में स्थानीय ग्रामीणों, ग्राम समितियों, पुलिस बल और वन विभाग की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।

यह भी पढ़ें 👉  महाशिवरात्रि पर बिंदुखत्ता में विराट सद्भावना सम्मेलन, सदगुरुदेव श्री सतपाल महाराज करेंगे संबोधित

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सीमाओं से लगने वाले सभी प्रवेश मार्गों पर नियमित चेकिंग हो और सीमा पार आवाजाही पर विशेष सतर्कता बरती जाए। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जाएं।

यह भी पढ़ें 👉  खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा

बैठक में सीमा क्षेत्रों की सुरक्षा चुनौतियों, सामुदायिक भागीदारी, खुफिया नेटवर्क को मजबूत करने और केंद्रीय एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।

इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव (गृह), एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, एडीजी इंटेलिजेंस, कुमाऊं कमिश्नर, पुलिस महानिरीक्षक (कुमाऊं रेंज) के अलावा चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और एसएसबी अधिकारी शामिल हुए।