उत्तराखंड: सीएम धामी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

ख़बर शेयर करें 👉

टनकपुर (चंपावत) – उत्तराखंड के टनकपुर में शनिवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल को पर्यटन आवास गृह से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति से सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया और उन्हें उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े स्मृति चिन्ह भेंट किए।

मुख्यमंत्री धामी ने 11 राज्यों से आए श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए कहा कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक और आध्यात्मिक जागरण का मार्ग है। उन्होंने कहा, “इस यात्रा में शामिल होना केवल यात्रा करना नहीं, बल्कि शिव भक्ति में आत्मसमर्पण की अनुभूति है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पहले जहां यह यात्रा 7 दिन या उससे अधिक समय लेती थी, अब वही यात्रा कुछ घंटों में संभव हो गई है। उन्होंने इसे शिव से साक्षात्कार का सशक्त माध्यम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। हर पड़ाव पर स्वास्थ्य, आवास, भोजन और सुरक्षा जैसी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय और सुरक्षित यात्रा के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं ने चंपावत के लोगों के आत्मीय व्यवहार और सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए यात्रा को स्मरणीय और सुरक्षित बताया।

इस अवसर पर कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, आईटीबीपी के आईजी व जनसंपर्क अधिकारी संजय गुंज्याल, कुमाऊं मंडल की आईजी रिद्धिम अग्रवाल, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, चंपावत के डीएम मनीष कुमार, पिथौरागढ़ के डीएम विनोद गोस्वामी और एसपी चंपावत अजय गणपति सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट के चलते कल इस जिले में स्कूल-कॉलेज से लेकर ITI-पॉलीटेक्निक और आंगनबाड़ी तक रहेंगे बंद
Ad Ad Ad Ad