उत्तराखंड: पति बना हैवान, 25 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से हत्या कर हुआ फरार
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खुमाड़ ग्रामसभा में गुरुवार रात घरेलू विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आरोपी पति ने घर में रखे डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर सल्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए रानीखेत से पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। वहीं तहसीलदार आबिद अली ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कराई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


बड़ी खबर! मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल को दी 96.71 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात