दिल्ली ब्लास्ट के बाद उत्तराखंड हाई अलर्ट पर, CM धामी ने DGP को दिए सख्त निर्देश

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार ब्लास्ट की घटना के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने डीजीपी दीपम सेठ को आदेश दिया है कि राज्य की सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की घटना गंभीर है, इसलिए उत्तराखंड में संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए।

डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि सभी जिलों के पुलिस कप्तानों और प्रभारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गश्त और चेकिंग बढ़ाने तथा सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों की मॉनिटरिंग करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली ब्लास्ट के बाद देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी जैसे प्रमुख शहरों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राजधानी देहरादून में एसएसपी अजय सिंह ने रेलवे स्टेशन और घंटाघर क्षेत्र में स्वयं निरीक्षण किया। रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड और बीडीएस टीम ने यात्रियों के सामान और वाहनों की जांच की।

एसएसपी ने लखनऊ जा रही ट्रेनों में पहुंचकर यात्रियों से बातचीत की और सुरक्षा की स्थिति पर फीडबैक लिया। घंटाघर और बस अड्डे जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी वाहनों की जांच की जा रही है। इसके अलावा, राज्य की सीमाओं पर विशेष नाकाबंदी कर बाहरी वाहनों और पुराने समय से खड़े वाहनों की जांच की जा रही है।

राज्य पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।