उत्तराखंड: यहां कमरे से मां-बेटे के सड़े शव मिलने से फैली सनसनी, पति फरार; हत्या की आशंका
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नेपाल मूल की एक महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे के सड़े-गले शव किराये के कमरे से बरामद किए गए हैं। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है, जबकि महिला का पति घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तिलवाड़ा-सुमाड़ी क्षेत्र में विद्युत कॉलोनी के पास बस्ती से दूर नेपाल मूल का दीपक बहादुर अपनी पत्नी कमला शाही (34 वर्ष) और बेटे रोशन सिंह (9 वर्ष) के साथ पिछले पांच वर्ष से अधिक समय से किराये के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से कमरा बंद पड़ा था।
जब मकान मालिक उस ओर गए तो कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे के बाहर से ताला लगा हुआ था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वहां महिला और उसके बेटे के शव पड़े मिले, जो काफी हद तक सड़ चुके थे। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मां-बेटे की हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद से महिला का पति दीपक बहादुर फरार है, जिससे उस पर संदेह और गहरा गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि इस प्रकरण में कोतवाली रुद्रप्रयाग में हत्या का अभियोग दर्ज कर लिया गया है और लापता आरोपित की तलाश आरंभ कर दी गई है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें शव परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि शव परीक्षण प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर; 17वें दिन पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़
लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर
(खुलासा): नई कार खरीदने के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, पड़ोसी के घर से चुराया 15 लाख का सोना
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!