उत्तराखंड: भीषण गर्मी के बीच राहत के संकेत, कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
देहरादून। उत्तराखण्ड में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में आगामी दिनों में तेज बारिश, गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जनपदों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई 2026 को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं।
इसके अलावा राज्य के अन्य जनपदों में भी गर्जन और बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं 29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
30 और 31 मई के लिए राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।


आज का राशिफल (28 मई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (27 मई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!