उत्तराखंड: अंगीठी का धुआं बना मौत की वजह, 4 साल की बच्ची की दम घुटने से मौत, मां गंभीर
नई टिहरी। उत्तराखंड के नई टिहरी स्थित सीआईएसएफ कॉलोनी से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी के धुएं से दम घुटने के कारण चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार पूर्वाह्न की है।
सीआईएसएफ में सिपाही के पद पर तैनात गणेश पालवे के आवास का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला। आसपास के लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां बिस्तर पर गणेश पालवे की पत्नी मोनिका (37) और उनकी चार वर्षीय बेटी आर्या बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्ची आर्या को मृत घोषित कर दिया।
मोनिका की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि घटना के समय गणेश पालवे घर पर मौजूद नहीं थे। वह अस्वस्थ होने के कारण इलाज के लिए देहरादून गए हुए थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे से कोई जहरीला पदार्थ या सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। कमरे में केवल अंगीठी मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अंगीठी से निकलने वाले धुएं के कारण ही दोनों का दम घुटा। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद कॉलोनी में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से ठंड के मौसम में बंद कमरों में अंगीठी या कोयले के उपयोग को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


SKM कॉन्वेंट स्कूल में नवरात्रि की धूम, राम-सीता और हनुमान के स्वरूप में सजे बच्चे; कन्या पूजन कर दिया संस्कृति और नारी शक्ति का संदेश
आज का राशिफल (17 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में गरबा फेस्ट की धूम, ढोल-डांडिया की थाप पर झूमे छात्र; रंगारंग उत्सव में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक