उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम! अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों के लिए ऑरेंज-यलो अलर्ट; रहें सावधान
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के साथ भूस्खलन और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना हुआ है।
आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में तेज से अतितीव्र बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और भूस्खलन की आशंका जताई है। वहीं, मैदानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
25 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, बागेश्वर, टिहरी और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर बारिश के तीव्र से अतितीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
26 जुलाई को भी नहीं मिलेगी राहत
शनिवार 26 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बढ़ सकता है।
27 जुलाई को बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट
रविवार 27 जुलाई को मौसम और ज्यादा खराब होने की संभावना है। बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में तीव्र बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पहाड़ों पर सफर करने वाले रहें सावधान
भारी बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। लोगों और पर्यटकों को यात्रा से पहले मौसम एवं सड़क मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
साथ ही नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (24 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
रामनगर का हैरान करने वाला मामला: कोबरा ने युवक को डसा, फिर उसने जो किया उसे देख डॉक्टर भी रह गए दंग