प्रशासन बेखबर! बिना नंबर प्लेट ओवरलोड ट्रैक्टर ने काररोड बाजार में मचाया मौत का खेल, बड़ा हादसा टला

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र के काररोड बाजार में उस समय प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया जब एक बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड ट्रैक्टर ने बीच बाजार में अफरा-तफरी मचा दी। घटना के दौरान ट्रैक्टर इतना अधिक लदा हुआ था कि उसके आगे के दोनों टायर हवा में उठ गए, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा कभी भी बड़ी दुर्घटना में बदल सकता था। बाजार में मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला, लेकिन घटना ने प्रशासन और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई

मौके पर मौजूद लोगों ने जब ट्रैक्टर को रोका और चालक से पूछताछ की, तो उसने बताया कि वाहन स्थानीय पेट्रोल पंप स्वामी ‘वीरू हीरा’ का है। चालक के बेखौफ रवैये से साफ था कि उसे किसी कार्रवाई का डर नहीं है, जिससे यह संकेत मिलता है कि नियमों की अनदेखी खुलेआम हो रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बिना फिटनेस, ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट के वाहन लगातार सड़कों पर दौड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे वाहन आम लोगों की जान के लिए खतरा बन चुके हैं और जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।

इस घटना के बाद बाजार में लंबे समय तक जाम और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ट्रैक्टर को नहीं रोका जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई करेगा या फिर कानून व्यवस्था की यह कमजोरी यूं ही लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करती रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad