नैनीताल दुग्ध संघ की बैठक में बड़ा फैसला; कर्मचारियों का मानदेय बढ़ा, ऋण सुविधा और कई प्रस्ताव पारित
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की प्रबंध कमेटी की बैठक अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में प्रशासनिक भवन में आयोजित हुई। बैठक में संस्था हित और कर्मचारियों की भलाई को ध्यान में रखते हुए कई अहम निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में अति कुशल श्रेणी के कामगारों का मानदेय ₹15,500 से बढ़ाकर ₹25,000, कुशल श्रेणी का ₹14,000 से ₹23,000, अर्ध कुशल श्रेणी का ₹13,000 से ₹22,000 तथा अकुशल श्रेणी का ₹12,000 से बढ़ाकर ₹21,500 कर दिया गया। इसके साथ ही दीपावली से पूर्व सभी कर्मचारियों को दो जोड़ी वर्दी और जूते दिए जाएंगे। स्कूटी और मोटरसाइकिल हेतु कर्मचारियों को ₹1 लाख तक का फंड उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया।
कर्मचारी हित को देखते हुए भवन ऋण की सीमा ₹2 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख कर दी गई है, जो इसी सत्र से लागू होगी। नियमित कर्मचारियों की पदोन्नति, डीए और सातवें वेतन आयोग का एरियर जारी करने का निर्णय भी बैठक में लिया गया। इसके अलावा वार्षिक अधिवेशन के लिए 1,000 क्षमता वाले हॉल के निर्माण की मंजूरी भी दी गई।
दुग्ध उत्पादन को 1.10 लाख लीटर से बढ़ाकर 1.50 लाख लीटर करने की कार्ययोजना तैयार करने और विपणन को अधिक प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी। साथ ही, 10 करोड़ की साइलेज परियोजना और 11 करोड़ की प्रोत्साहन राशि मिलने पर दुग्ध मंत्री सौरभ बहुगुणा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया गया।
बैठक में कर्मचारियों के EPF के ₹35 लाख गवन करने पर सिद्धि इंटरप्राइजेज के खिलाफ न्यायिक कार्रवाई का निर्णय लिया गया। फर्म पर ₹1.02 करोड़ जीएसटी बकाया होने पर वसूली और कानूनी कार्यवाही करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।

इसके अलावा बिंदुखत्ता स्थित हरीश पवार स्कूल की फुटबॉल टीम को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी बार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर ₹35,000 का चेक प्रदान किया गया। आगामी वार्षिक अधिवेशन की तिथि 25 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच तय की गई है।
बैठक में प्रबंध कमेटी सदस्य किशन सिंह बिष्ट, हेमा देवी, दीपा रैकवाल, कृष्ण कुमार शर्मा, दीपा बिष्ट, गोविंद मेहता, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, आनंद नेगी सहित सामान्य प्रबंधक डॉ. पी.एस. नागपाल, प्रभारी वित्त उमेश पठालनी, प्रभारी प्रशासन/विपणन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी A.H. डॉ. रमेश मेहता और प्रभारी स्टोर परचेज खलील अहमद मौजूद रहे।


आज का राशिफल (08 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा
करोड़ों के फर्जीवाड़े में सख्ती: चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी पर शिकंजा, लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित