बड़ी खबर! बेतालघाट फायरिंग गैंग का मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू समेत 3 गिरफ्तार
नैनीताल। नैनीताल पुलिस को बेतालघाट फायरिंग मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। SSP प्रहलाद नारायण मीणा की सख्त रणनीति और पुलिस टीम की लगातार दबिश के चलते मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल 32 बोर की देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
14 अगस्त 2025 को बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। एक प्रत्याशी के समर्थकों ने प्रतिद्वंदी खेमे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में थाना बेतालघाट में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
SSP मीणा ने इसे गंभीर मानते हुए फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। लगातार दबिश, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से 20 अगस्त को पुलिस टीम ने यूपी के लखीमपुर जिले के भीरा कस्बे में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू (30), गुरमीत सिंह उर्फ पारस (28) और प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर (32) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और थार गाड़ी (UK18U-5002) भी जब्त की गई।
पुलिस रिकॉर्ड से पता चला कि मुख्य आरोपी अमृतपाल के खिलाफ रामनगर में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है, जबकि प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर पर मारपीट और धोखाधड़ी के दो केस दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अनीश अहमद, साइबर सेल के उ0नि0 फिरोज, हेड कांस्टेबल मंजीत और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। SSP मीणा ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, शांति भंग या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


उत्तराखंड मौसम अपडेट: आज और कल साफ रहेगा मौसम, चारधामों में कड़ाके की ठंड, 9 फरवरी से बदलेगा मिजाज
खौड़ बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव और विदाई समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन
आज का राशिफल (07 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!