(बड़ी खबर) लालकुआं में एक बार फिर प्रशासन का अतिक्रमण हटाने की तैयारी, दर्जनों परिवारों को मिला 15 दिन का नोटिस
लालकुआं। नगर में एक बार फिर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ने जोर पकड़ा है। इस बार निशाने पर है नगर के शहरी क्षेत्र से सटा खड्डी मोहल्ला, जो लंबे समय से रेलवे लाइन के पास बसी एक मलिन बस्ती के रूप में मौजूद है। प्रशासन ने यहां अतिक्रमण हटाने को लेकर अंतिम चेतावनी जारी करते हुए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है।
बीते कुछ वर्षों में नगर की सबसे बड़ी श्रमिक कॉलोनी रही नगीना कॉलोनी को रेलवे और प्रशासन ने जमींदोज कर दिया था। अब खड्डी मोहल्ले पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। बताया जा रहा है कि आगामी मानसून से पहले जिला प्रशासन ने जलभराव वाले इलाकों को चिन्हित कर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में राजस्व उप निरीक्षक ने खड्डी मोहल्ले का दौरा कर अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए हैं।
नोटिस के मुताबिक, खड्डी मोहल्ले में कई लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव, नालियों की रुकावट और आपात स्थिति में बचाव कार्यों में बाधा उत्पन्न हो सकती है। यदि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से बस्ती में दहशत का माहौल है। लोगों ने बताया कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और एक झटके में घर उजड़ने की आशंका से वे सदमे में हैं। अब देखना होगा कि क्या तय समय सीमा के भीतर लोग खुद अतिक्रमण हटाते हैं या प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ेगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी में किशोरी से दोस्ती, शादी का भरोसा और फिर दो साल तक दुष्कर्म का आरोप; मेरठ के युवक पर POCSO में केस
आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!