बड़ी खबर (बिंदुखत्ता): राजस्व गांव की मांग पर ऐतिहासिक जनसैलाब, हजारों लोगों की हुंकार से गूंजा जड़ सेक्टर,…देखें वीडियो
लालकुआं/बिंदुखत्ता। वर्षों से लंबित राजस्व गांव के दर्जे की मांग आज बिंदुखत्ता की सड़कों पर जनसैलाब बनकर दिखाई दी। संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर आयोजित महा रैली ने सुबह से ही स्पष्ट कर दिया कि अब यह मुद्दा सिर्फ ज्ञापन तक सीमित नहीं, बल्कि जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
सुबह 10 बजे से पहले ही क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, निजी वाहनों और पैदल जुलूस के रूप में जनता इंटर कॉलेज, जड़ सेक्टर मैदान पहुंचने लगे। देखते ही देखते मैदान खचाखच भर गया और माहौल जोश, नारों और संकल्प से भर उठा। शुरुआती भीड़ ने ही संकेत दे दिया कि यह आंदोलन निर्णायक दिशा में बढ़ रहा है।
बिंदुखत्ता के कोने-कोने से पहुंचे लोगों ने एक स्वर में राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग दोहराई। मंच से गूंजते क्रांतिकारी और देशभक्ति गीतों ने आंदोलन को भावनात्मक धार दी। ‘भारत माता की जय’ और ‘बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाओ’ के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। “ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के” जैसे गीतों पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग उत्साह से झूमते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व दर्जा न मिलने के कारण क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से पीछे रह गया है। बुनियादी सुविधाओं, भूमि अधिकार और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आ रही बाधाओं ने लोगों को आंदोलन के लिए मजबूर किया है। ग्रामीणों का स्पष्ट संदेश है कि अब आधे-अधूरे आश्वासन स्वीकार नहीं होंगे।
महा रैली में कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वन अधिकार समिति और पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने मंच से आंदोलन को समर्थन दिया। बड़ी संख्या में मातृशक्ति और युवाओं की भागीदारी ने रैली को और प्रभावशाली बना दिया।
आयोजकों का कहना है कि यह महा रैली सरकार को स्पष्ट संदेश देने के लिए आयोजित की गई है। यदि मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
आज की इस ऐतिहासिक भीड़ ने साफ संकेत दे दिया है कि बिंदुखत्ता की जनता अब अपने अधिकारों के लिए आर-पार की लड़ाई के मूड में है और राजस्व गांव का दर्जा मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।


बड़ी खबर (देहरादून): जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
आज का राशिफल (18 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बड़ी खबर (हल्द्वानी): बनभूलपुरा में बर्खास्त शिक्षक के घर से अवैध तमंचे और AK-47 का कारतूस बरामद, सुनवाई से पहले पुलिस एक्शन