(बड़ी खबर) मदरसन विवाद खत्म: 12 मांगों पर सहमति, श्रमिकों ने खत्म किया अनशन; उपद्रवियों पर पुलिस का सख्त एक्शन
लालकुआं। मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में चल रहा श्रमिकों और प्रबंधन के बीच विवाद मंगलवार को आखिरकार समाप्त हो गया। जिला प्रशासन, श्रम विभाग और पुलिस की संयुक्त मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई, जिसके बाद श्रमिकों ने अपना अनशन समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया।
मामले में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस, कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच कई दौर की वार्ता हुई। इस दौरान श्रमिकों द्वारा रखी गई 14 प्रमुख मांगों में से 12 मांगों को प्रबंधन ने तत्काल स्वीकार कर लिया, जबकि शेष दो मांगों पर शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया गया है।
समझौते के बाद कंपनी में कामकाज फिर से सुचारू होने जा रहा है। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि अब उत्पादन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
इस दौरान एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने श्रमिकों के संयम और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरे आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रही, जो एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन श्रमिकों की जायज मांगों के समाधान के लिए हमेशा सहयोग करता रहेगा।
वहीं, पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि श्रमिकों की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार कुछ बाहरी तत्वों द्वारा कंपनी में हिंसा और तोड़फोड़ भड़काने की साजिश रची जा रही थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने बैरियर तोड़ने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और मजदूरों को उकसाने के आरोप में 20-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन के चुनाव 02 मई को, चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति घोषित
आज का राशिफल (21 अप्रैल 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
JEE Main 2026: सेशन-2 का रिजल्ट जारी, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, ऐसे करें स्कोरकार्ड डाउनलोड
उत्तराखंड में फिर हिली धरती: कुमाऊं के इस जिले में लगातार दूसरे दिन भूकंप के झटके