बड़ी खबर(नैनीताल) : जिले में जनगणना 2027 की तैयारी तेज: 25 अप्रैल से शुरू होगा मकान गणना कार्य
हल्द्वानी 23 मार्च 2026 सूवि। जनपद नैनीताल में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई 2026 के बीच किया जाएगा। इसके लिए जनगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया गया है।
सोमवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने जनगणना 2027 के मास्टर ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में जनगणना की अहम भूमिका है, क्योंकि सभी विकास योजनाएं इसी के आंकड़ों पर आधारित होती हैं।

प्रशिक्षण शिविर में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी के संचालन में फील्ड प्रशिक्षुओं को जनगणना की प्रक्रिया, मकानों और परिवारों के सूचीकरण तथा डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रहण की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी ने मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण दिया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। मोबाइल एप के जरिए डेटा संकलन किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। उन्होंने प्रशिक्षुओं को एप संचालन, डेटा एंट्री और सर्वे प्रक्रिया को गंभीरता से समझने के निर्देश दिए, ताकि आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक 15 दिनों के लिए आम जनता को स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में जनपद के सभी विकास खंडों के उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार और फील्ड प्रशिक्षु मौजूद रहे। अधिकारियों ने इसे एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए सभी कार्मिकों से पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ इसे संपन्न कराने का आह्वान किया।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!