बिंदुखत्ता उत्तरायणी कौतिक की धूम, खेलों और लोकसंस्कृति के संग संरक्षण का संदेश
लालकुआं/बिंदुखत्ता। जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान, बिंदुखत्ता में आयोजित पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक एवं मेला अपने पूरे रंग में नजर आ रहा है। मेले के दूसरे दिन मंगलवार को कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर श्री सोमेश्वर यति जी महाराज एवं विशिष्ट अतिथि ईएसआई निदेशक जीवन कबड़वाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। पारंपरिक लोकपर्व उत्तरायणी कौतिक 16 जनवरी तक चलेगा।
दूसरे दिन खेल प्रतियोगिताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। क्षेत्रीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। इसके साथ ही खो-खो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया।
मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति जी महाराज ने कहा कि उत्तरायणी जैसे लोकपर्व हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का माध्यम हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं और समाज में आपसी भाईचारे व एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए आशीर्वाद दिया।
विशिष्ट अतिथि ईएसआई निदेशक जीवन कबड़वाल ने कहा कि उत्तरायणी कौतिक जैसे मेले सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं। खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने क्षेत्र में इस प्रकार के आयोजनों को लगातार आयोजित करने पर जोर दिया।
मेला समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि 14 से 16 जनवरी तक लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समापन दिवस 16 जनवरी को भव्य स्टार नाइट का आयोजन होगा, जिसमें लोक गायक माया उपाध्याय, जितेंद्र तोमक्याल, अमित बाबू गोस्वामी, शेर सिंह दानू, दीक्षा तोमक्याल और चेतन पांडे सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
उन्होंने बताया कि बुधवार को मकर संक्रांति के अवसर पर प्रातः 8 बजे समिति और क्षेत्रवासियों द्वारा मां हाट कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी