लालकुआं रेलवे फाटक पर बवाल: बैरियर टूटने से तनाव, व्यापारियों और गेटमैन में हाथापाई, घंटों जाम
लालकुआं। गौला रोड स्थित रेलवे फाटक पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक गिरे बैरियर से एक व्यापारी का ई-रिक्शा टकरा गया और बैरियर का पोल टूट गया। घटना के बाद गेटमैन और व्यापारियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। हंगामे के चलते करीब एक घंटे तक फाटक बंद रहा और सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 6:15 बजे एक व्यापारी अपना ई-रिक्शा लेकर फाटक पार कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गेटमैन ने बिना पूरी तरह रास्ता साफ हुए तेजी से बैरियर गिरा दिया, जिससे बैरियर वाहन से टकरा गया और पोल क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद गेटमैन ने चालक को पकड़ लिया, जिस पर अन्य व्यापारी भड़क गए।
मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता संजय जोशी की गेटमैन से तीखी बहस हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई। सूचना मिलते ही उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट और सभासद भुवन पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी फाटक पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हंगामे के कारण रेलवे फाटक लगभग सवा सात बजे तक पूरी तरह बंद रहा। इस दौरान सैकड़ों वाहन लंबी कतारों में फंस गए और आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। करीब एक घंटे बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
व्यापारियों का आरोप है कि गेटमैन अक्सर जल्दबाजी में बैरियर गिरा देते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। खबर लिखे जाने तक रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।


आज का राशिफल (21 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से: नकल पर सख्ती, 1261 केंद्रों पर धारा 144 लागू
उत्तराखंड में दिल दहला देने वाली घटना: फौजी की मां की निर्मम हत्या, कॉलोनी में दहशत
आज का राशिफल (20 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!