लालकुआं: हरीश रावत के कथित AI वीडियो पर कांग्रेस का हंगामा, कोतवाली में भाजपा के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
लालकुआं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत के कथित एआई (AI) से तैयार वीडियो को लेकर सियासी बवाल तेज हो गया है। भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स (X)’ पर वीडियो साझा किए जाने के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी लालकुआं और बिंदुखत्ता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे और बिंदुखत्ता ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर दानू के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा एआई तकनीक का दुरुपयोग कर हरीश रावत के ऐसे बयान वायरल कर रही है, जो उन्होंने कभी नहीं दिए। कांग्रेस का कहना है कि यह न केवल एक वरिष्ठ नेता की छवि धूमिल करने का प्रयास है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला भी है।
कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा वास्तविक जनसमस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए भ्रामक और फर्जी कंटेंट का सहारा ले रही है। पहले यह गतिविधियां फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए होती थीं, लेकिन अब भाजपा अपने आधिकारिक मंच से इस तरह के वीडियो साझा कर रही है, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश की जनता बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और बढ़ते भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है। इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा एआई तकनीक का गलत इस्तेमाल कर राजनीतिक माहौल को दूषित कर रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि विवादित वीडियो को तत्काल सोशल मीडिया से हटाया जाए, भाजपा सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और दोषी सोशल मीडिया हैंडल संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। चेतावनी दी गई कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, कुंदन मेहता, प्रमोद कालौनी, गिरधर बम, महिला नेत्री बीना जोशी, प्रदीप पर्थ्याल, कमल दानू, लक्ष्मण धपोला, दीपक बत्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




आज का राशिफल (08 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा
करोड़ों के फर्जीवाड़े में सख्ती: चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी पर शिकंजा, लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित