बिंदुखत्ता उत्तरायणी कौतिक में चौथे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, नृत्य प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान, बिंदुखत्ता में आयोजित पांच दिवसीय भव्य उत्तरायणी कौतिक एवं मेले के चौथे दिन सांस्कृतिक उल्लास अपने चरम पर नजर आया। गुरुवार को आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में स्कूली छात्र-छात्राओं और महिला समूहों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा मेला मैदान तालियों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला ने विशिष्ट अतिथि कांग्रेसी नेता कुंदन सिंह मेहता और वनाधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। पारंपरिक लोकसंस्कृति से जुड़ा यह उत्तरायणी कौतिक 16 जनवरी तक क्षेत्रवासियों को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर करेगा।

चौथे दिन क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और महिला समूहों के बीच लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें हाट कालिका इंटर कॉलेज, दानू इंटर कॉलेज, डॉ. सुशीला तिवारी इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, मानवता पब्लिक स्कूल, ग्रेट मदर टेरेसा स्कूल और सेंट ला मार्ट स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागियों ने पारंपरिक व सांस्कृतिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों की धुनों पर सजे रंग-बिरंगे परिधानों में नृत्य करते प्रतिभागियों ने दर्शकों से खूब सराहना बटोरी। प्रतियोगिता के परिणाम मेले के समापन दिवस पर घोषित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  बिन्दुखत्ता में संघ के शताब्दी वर्ष पर विशाल हिंदू सम्मेलन में हजारों की भागीदारी

इस दौरान उत्तराखंड संस्कृति एवं सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीमों और स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और भव्य बना दिया। साथ ही निबंध, चित्रकला, मेहंदी, कबड्डी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि कमलेश चंदोला ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तरायणी कौतिक उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता का जीवंत उत्सव है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहने का आह्वान किया। साथ ही प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए ओआरएस घोल और कंबल वितरण की घोषणा की।

मेले के सफल आयोजन में मेला समिति के संरक्षक देवी दत्त पांडे, प्रबंधक प्रभात पाल, मेला अधिकारी अजय गर्बयाल, सचिव प्रेम दानू, कोषाध्यक्ष नवीन पपोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कॉलोनी, उपाध्यक्ष पुष्कर दानू, उपसचिव विजय सामंत, मीडिया प्रभारी विपिन जोशी सहित अनेक पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और सांस्कृतिक प्रेमी मौजूद रहे।

मेला समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि 16 जनवरी को दिनभर लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं समापन अवसर पर आयोजित भव्य स्टार नाइट में प्रसिद्ध लोक गायक माया उपाध्याय, जितेंद्र तोमक्याल, अमित बाबू गोस्वामी, शेर सिंह दानू, दीक्षा तोमक्याल और चेतन पांडे सहित कई नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसी दिन नृत्य प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।