लालकुआं में एयरटेल कंपनी के सर्वेयर इंजीनियर का कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। शहरके वार्ड नंबर एक, अंबेडकर नगर क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सर्वेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय विनय प्रजापति के रूप में हुई है, जो एयरटेल कंपनी में सर्वेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार विनय प्रजापति मूल रूप से ग्राम बख्शी पुरवा नेवी, तहसील नारायनी, जिला बांदा के रहने वाले थे और बीते एक वर्ष से अपने चचेरे भाई रावेंद्र प्रजापति के साथ लालकुआं के वार्ड नंबर एक स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे। रावेंद्र भी एयरटेल कंपनी में सर्वेयर इंजीनियर हैं।

बताया गया कि गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे जब रावेंद्र काम से घर लौटे तो उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर आसपास के लोगों और मकान मालिक को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया, जहां विनय का शव कमरे के भीतर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

मृतक के चचेरे भाई रावेंद्र ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे विनय से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान वह सामान्य बातचीत कर रहा था और खाने को लेकर चर्चा हुई थी। बातचीत में किसी तरह की असामान्य बात नहीं लगी।

परिजनों के अनुसार विनय की शादी बांदा की एक युवती से तय हुई थी, लेकिन बीते कुछ समय से निजी संबंधों को लेकर तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी मानसिक दबाव के चलते वह परेशान रहता था। परिजनों ने यह भी बताया कि घटना से कुछ समय पहले विनय ने सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट साझा किए थे, जिनमें निजी जीवन से जुड़े संकेत मिले हैं।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।