बिंदुखत्ता में धड़ल्ले से चल रहा नशे का कारोबार! पुलिस ने चरस और अवैध शराब के साथ दो को दबोचा
लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 654.10 ग्राम चरस, जबकि दूसरे आरोपी के पास से बिक्री के लिए रखे गए 49 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद करने का दावा किया है। लगातार सामने आ रहे नशे से जुड़े मामलों के बीच पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में बिंदुखत्ता पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई की।
स्कूटी की नंबर प्लेट पर लगी मिट्टी से हुआ शक
पहली कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम खैरानी बिंदुखत्ता क्षेत्र में देर रात संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध TVS Ntorq स्कूटी को रोका।
पुलिस के अनुसार, स्कूटी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी होने के कारण टीम को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की में रखे हेलमेट के अंदर एक पॉलीबैग मिला, जिसमें 654.10 ग्राम अवैध चरस बरामद होने का दावा किया गया।
पुलिस ने आरोपी मनोज सिंह रावत, मूल निवासी पिथौरागढ़ एवं वर्तमान निवासी मुखानी, नैनीताल को स्कूटी समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ट्रकों के बीच चल रही थी अवैध शराब की बिक्री
दूसरी कार्रवाई में बिंदुखत्ता पुलिस ने मसल्स फैक्ट्री जिम के पास खड़े ट्रकों के बीच खाली स्थान पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से संजय सिंह बिलवाल, निवासी बिंदुखत्ता को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से बिक्री के लिए रखे गए 49 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद हुए। इनमें 28 पव्वे इम्पीरियल ब्लू और 21 पव्वे मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की के बताए गए हैं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नशे के कारोबारियों पर जारी रहेगा पुलिस का एक्शन
कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा ने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (19 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: इस जिले में 19 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल बंद
उत्तराखंड में विजिलेंस का बड़ा एक्शन! सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते सहायक कृषि अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
हल्द्वानी: पिता को करंट लगा तो बचाने दौड़ी 12 वर्षीय बेटी, दोनों की दर्दनाक मौत