बिंदुखत्ता में कल से गूंजेगी लोकसंस्कृति की धूम, तीन दिवसीय ‘लोकथात महोत्सव’ में जुटेंगे दिग्गज; 23 नवंबर को पहुंचेंगे CM धामी
स्वर्गीय लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में होगा भव्य आयोजन, पहले दिन भगत सिंह कोश्यारी और दूसरे दिन दीपक रावत होंगे मुख्य अतिथि; उत्तराखंड के नामचीन लोक कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
लालकुआं (बिंदुखत्ता)। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषा और लोककला की छटा अब बिंदुखत्ता में देखने को मिलेगी। जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में 21 से 23 नवंबर तक तीन दिवसीय भव्य ‘लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में प्रदेश के दिग्गज अतिथियों के साथ ही प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। आयोजन के तीसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषा, लोककला, पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोकसंगीत का संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार करना है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के अतुलनीय सांस्कृतिक योगदान को श्रद्धापूर्वक याद करने की पहल की जा रही है।
पहले दिन भगत सिंह कोश्यारी करेंगे शुभारंभ
21 नवंबर को महोत्सव के प्रथम दिवस पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं गोवा-महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान लोक कलाकार चंद्रप्रकाश, कैलाश कुमार और कमला देवी अपनी लोकगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति से रूबरू कराएंगे।
दूसरे दिन दीपक रावत और लोक कलाकारों की रहेगी धूम
22 नवंबर को दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में दीपक रावत शामिल होंगे। इस दिन लोक कलाकार जितेंद्र तुमख्याल, खुशी जोशी धिगारी, राकेश जोशी और राकेश पनीरू अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से महोत्सव में रंग जमाएंगे।
तीसरे दिन मुख्यमंत्री धामी को आमंत्रण, इंदर आर्या भी देंगे प्रस्तुति
23 नवंबर को महोत्सव के अंतिम दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस दिन लोक कलाकार ललित मोहन जोशी (पूर्व फौजी), इंदर आर्या और ममता आर्या अपनी शानदार लोकसांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
लोकसंस्कृति और परंपराओं को बचाने का सामूहिक प्रयास
आयोजन समिति का कहना है कि उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकगीत और पारंपरिक रीति-रिवाज हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इनका संरक्षण केवल कलाकारों की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ महोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति ने क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, युवाओं, बुद्धिजीवियों और संस्कृति प्रेमियों से तीनों दिन अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव की गरिमा बढ़ाने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
समिति ने ‘हमारी भाषा, हमारी संस्कृति, हमारी पहचान, लोकथात महोत्सव हमारी शान’ का संदेश देते हुए सभी से इस सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (20 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (19 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!