नैनीताल के 150 साल पुराने ‘ओल्ड लंदन हाउस’ में फिर लगी आग, दो महीने पहले भी हुई थी बुजुर्ग महिला की मौत

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल। नगर के मल्लीताल स्थित 150 साल पुरानी ऐतिहासिक इमारत ‘ओल्ड लंदन हाउस’ में सोमवार देर रात फिर से आग लग गई। यह वही इमारत है, जहां करीब दो महीने पहले 27 अगस्त को भी भीषण आग लगी थी, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। दीपावली की रात दोबारा लगी आग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।

जानकारी के अनुसार, आग सोमवार रात करीब ढाई बजे उसी हिस्से में लगी, जो पिछली आग में बमुश्किल सुरक्षित बचा था। इमारत से उठती तेज लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक इमारत के भूतल पर स्थित ‘कनौजिया फर्नीचर’ दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस ने सभी संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी है। मल्लीताल थानाध्यक्ष हेम चंद्र पंत ने बताया कि यदि किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय निवासी पवन व्यास ने बताया कि फायर पंप में पर्याप्त पानी का प्रेशर न होने से दमकल कर्मियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि अगर प्रेशर ठीक होता तो आग को समय रहते नियंत्रित किया जा सकता था और बड़ा नुकसान टल जाता।

बता दें कि ‘ओल्ड लंदन हाउस’ का निर्माण वर्ष 1863 में ब्रिटिश काल के दौरान किया गया था, जब नैनीताल को ग्रीष्मकालीन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा था। यह इमारत शहर की ऐतिहासिक पहचान मानी जाती है। दो महीने के भीतर यहां दो बार आग लगने से स्थानीय लोग गहरी चिंता और आशंका में हैं। कई लोगों ने प्रशासन से इस ऐतिहासिक इमारत की सुरक्षा और निगरानी के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।