लालकुआं: हाईवे किनारे अतिक्रमण पर वन विभाग सख्त, 135 दुकानों पर लाल निशान, 31 जनवरी तक का अल्टीमेटम

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। हाईवे किनारे लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण पर तराई केंद्रीय वन प्रभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। टांडा रेंज के अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में हाईवे के दोनों ओर स्थित 135 प्रतिष्ठानों पर वन विभाग ने लाल निशान लगाते हुए उन्हें 31 जनवरी तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का अंतिम अल्टीमेटम दिया है।

गुरुवार सुबह से दोपहर तक वन विभाग की टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान जैसे-जैसे दुकानों और प्रतिष्ठानों पर लाल निशान लगाए गए, वैसे-वैसे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों की धड़कनें तेज होती नजर आईं और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अभियान का नेतृत्व कर रहे टांडा रेंज के डिप्टी रेंजर विशन राम आर्य ने बताया कि कुल 135 दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को अतिक्रमण की श्रेणी में चिन्हित किया गया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया, तो वन विभाग जिला प्रशासन और पुलिस की मदद से बलपूर्वक अवैध निर्माण ध्वस्त करेगा।

तराई केंद्रीय वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी ने बताया कि हाईवे किनारे बसे इन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ पहले भी बेदखली की कार्रवाई की जा चुकी थी। दुकानदारों द्वारा दायर अपीलें भी खारिज हो चुकी हैं, जिसके बाद अब फाइनल नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

डीएफओ तिवारी ने कहा कि हाईवे किनारे लगे अवैध फड़, खोखे और दुकानें न केवल वन भूमि पर अतिक्रमण हैं, बल्कि यातायात में बाधा और दुर्घटनाओं का कारण भी बन रही हैं। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में दुकानदारों के बीच चिंता का माहौल है। अब सभी की नजरें 31 जनवरी पर टिकी हैं, जिसके बाद बुलडोजर कार्रवाई की पूरी संभावना जताई जा रही है।