हल्द्वानी: जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन, पत्रकार जगत में शोक की लहर
हल्द्वानी। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का शनिवार को हृदय गति रुकने से अचानक निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर सामने आते ही पत्रकार जगत, अधिकारियों, कर्मचारियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि माह के द्वितीय शनिवार को अवकाश होने के कारण वह हल्द्वानी स्थित अपने आवास से बाइक लेकर मीडिया सेंटर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट करने के लिए किक मारी, इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और कुछ ही क्षणों में उनका निधन हो गया।
गिरिजा शंकर जोशी अपने मिलनसार, सहज और जिंदादिल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के साथ उनका व्यवहार हमेशा आत्मीय और सहयोगात्मक रहा। पत्रकारों से जुड़े कार्यों को लेकर भी वह सक्रिय रहते थे।
अपने कार्यकाल के दौरान हल्द्वानी में नए मीडिया सेंटर की नींव और पत्रकारों के लिए प्रस्तावित गेस्ट हाउस जैसी महत्वपूर्ण पहलों को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
उनके असमय निधन से पत्रकारिता जगत में गहरा शोक है। जिला सूचना कार्यालय, लालकुआं प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों, अधिकारियों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रविवार सुबह निकलेगी अंतिम यात्रा
दिवंगत जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम यात्रा रविवार सुबह 9 बजे हल्द्वानी स्थित उनके आवास से निकाली जाएगी। उनका अंतिम संस्कार चित्राशिला घाट पर किया जाएगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (12 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!