हल्दूचौड़ में सम्पन्न हुआ ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’, 1.88 लाख से अधिक लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। हल्दूचौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दूचौड़ में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नैनीताल-उधमसिंहनगर लोकसभा सांसद एवं केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, राज्य मंत्री एवं उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय स्वास्थ्य अनुश्रवण परिषद सुरेश भट्ट, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. एच.सी. पंत ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 1,88,199 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें हाईपरटेंशन के 59,836, डायबिटीज के 56,149, ब्रेस्ट कैंसर के 11,942, ओरल कैंसर के 28,530 और सर्वाइकल कैंसर के 669 मामलों की स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा टीबी के 18,474 और 12,292 किशोरियों की जांच की गई। साथ ही 592 निश्चय मित्र जोड़े गए और 194 आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र हल्दूचौड़ का भी निरीक्षण किया। राज्य मंत्री सुरेश भट्ट ने निशुल्क स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। वहीं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज की सशक्त नींव है, इसलिए हर परिवार को महिलाओं की सेहत पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका, सेवा पखवाड़ा संयोजक दिनेश खुल्बे, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, निदेशक स्वास्थ्य कुमाऊं मंडल डॉ. के.के. पांडे, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर कन्याल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, चिकित्सक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन वरिष्ठ स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रमोद भट्ट ने किया।