आँचल दुग्ध संघ की समीक्षा बैठक में गुणवत्ता और विपणन व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर, उपभोक्ता विश्वास बढ़ाने के निर्देश
लालकुआँ। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों के पर्यवेक्षकों, मार्ग प्रभारियों और डिपो प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपनिदेशक संजय उपाध्याय की मौजूदगी में दुग्ध गुणवत्ता नियंत्रण, विपणन प्रणाली और कोल्ड चेन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य दुग्ध विक्रय और विपणन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता-केंद्रित बनाना रहा। इस दौरान विक्रेताओं और उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि आँचल दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं से सीधे संपर्क बढ़ाकर लैक्टोमीटर और एडल्टरेशन किट का वितरण किया जाए तथा दुग्ध गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आँचल दुग्ध संघ की प्राथमिकता विक्रेताओं और उपभोक्ताओं के हितों के बीच संतुलन बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुग्ध गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व समयबद्ध बनाया जाएगा। उन्होंने फील्ड स्तर पर अनुशासन, नियमित निगरानी और आपसी समन्वय को संघ की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
उपनिदेशक संजय उपाध्याय ने क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि दुग्ध मार्गों का नियमित निरीक्षण किया जाए और परिवहन व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विक्रेताओं और उपभोक्ताओं से जुड़ी किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जाना चाहिए, ताकि संघ की कार्यप्रणाली पर उपभोक्ताओं का विश्वास बना रहे।
बैठक में दुग्ध गुणवत्ता जांच प्रणाली को और अधिक सशक्त करने, संघ की सदस्यता बढ़ाने और दुग्ध आपूर्ति में वृद्धि के लिए ठोस प्रयास करने पर सहमति बनी। साथ ही संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और फील्ड स्तर पर बेहतर तालमेल स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। उपस्थित अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने सभी निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, विपणन अधीक्षक विजय सिंह चौहान , विपिन तिवारी,हेमन्त पाल, जितेंद्र खोलिया, चन्द्र प्रकाश जोशी ,महेश पांडे, कुलदीप रैकवाल, लोकेश शर्मा, मनोज कुमार, सुदर्शन , पारस सुमित तिवारी ,सुमित पांडे समेतअन्य अधिकारी व विपणन प्रभारी उपस्थित रहे।


देहरादून में SSC परीक्षा घोटाले का बड़ा खुलासा: MKP कॉलेज के ऑनलाइन सेंटर से रिमोट एक्सेस से हल हो रहे थे पेपर, STF की बड़ी कार्रवाई
उत्तराखंड में कोचिंग संचालक पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार; पुलिस बोली– सख्त कार्रवाई होगी
आज का राशिफल 2026: मेष से मीन तक जानें करियर, धन, सेहत और वैवाहिक जीवन की भविष्यवाणी