लालकुआं दहेज हत्या मामला: फांसी पर लटकी मिली नवविवाहिता की मौत, पति-सास-ननद गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। ढाई माह पहले शादी के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली नवविवाहिता की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने दहेज हत्या के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतका के पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला लालकुआं के वीआईपी गेट क्षेत्र स्थित निर्मल कॉलोनी का है, जहां रहने वाले नृपेंद्र विश्वास की पत्नी रिया विश्वास की घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिली थी। रिया की शादी मात्र ढाई माह पहले हुई थी, जिससे घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।

घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के भाई, निवासी कालीनगर दिनेशपुर, ने स्थानीय कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि शादी के बाद से ही रिया को प्रताड़ित किया जा रहा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति नृपेंद्र विश्वास, सास लेबू विश्वास और ननद पूजा विश्वास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।

पुलिस के अनुसार, जानकारी सामने आई है कि नृपेंद्र और रिया ने ढाई माह पहले प्रेम विवाह किया था और उस समय रिया के नाबालिग होने की भी चर्चा है। विवाह के कुछ ही समय बाद नवविवाहिता की इस तरह मौत होना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।