लालकुआं: यहां गौला गेट पर बवाल, बिना तुलाई डंपर एंट्री पर विवाद, गेट इंचार्ज से मारपीट के बाद सभी 11 गेट बंद
लालकुआं। गौला नदी के देवरामपुर निकासी गेट पर रविवार सुबह उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब बिना तुलाई डंपरों को नदी में प्रवेश कराने को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गेट इंचार्ज और खनन व्यवसाई के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, देवराम पुर गेट पर लगे कांटे में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते करीब एक दर्जन वाहन बिना तुले ही नदी में प्रवेश कर गए। सूचना मिलने पर गेट इंचार्ज सौरभ मराठा मौके पर पहुंचे और सभी वाहनों को वापस बुलाकर दोबारा तुलाई कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान खनन व्यवसाइयों ने तर्क दिया कि उनकी गाड़ियां पहले ही भर चुकी हैं और कांटे की खराबी के कारण तुलाई नहीं हो सकी। लेकिन गेट इंचार्ज ने नियमों का हवाला देते हुए वाहनों को खाली कर पुनः तुलाई कराने की बात कही, जिससे एक व्यवसाई नाराज हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि उक्त व्यवसाई ने गेट इंचार्ज के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बना रहे गेट इंचार्ज का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।
घटना से आक्रोशित वन विकास निगम के कर्मचारियों ने पहले देवरामपुर गेट को बंद किया और बाद में लालकुआं से हल्द्वानी के शीशमहल तक गौला नदी के सभी 11 निकासी गेटों को बंद कर दिया। गेट बंद होने से पूरे क्षेत्र में खनन कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।
सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस, वन विभाग और वन निगम के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल गेट पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है।
डीएलएम धीरेश बिष्ट ने बताया कि गेट इंचार्ज के साथ मारपीट के मामले में तहरीर दी जा रही है और जल्द ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपी वाहन स्वामी की गाड़ी को सीज करने और उसका पंजीकरण निरस्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, गेट अध्यक्ष भगवान धामी ने कहा कि विवाद की मुख्य वजह कांटे में आई तकनीकी खराबी रही, जिससे तुलाई नहीं हो सकी और मामला बढ़ गया।
फिलहाल गेट बंद होने से खनन से जुड़े श्रमिकों और व्यवसाइयों में बेचैनी है, जबकि प्रशासन जल्द ही स्थिति सामान्य करने की कोशिश में जुटा हुआ है।


उत्तराखंड: यहां महसूस हुए भूकंप के झटके, 3.7 रही तीव्रता, घरों से बाहर निकले लोग
आज का राशिफल (05 अप्रैल 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (04 अप्रैल 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!