हल्दूचौड़ के सर्राफा कारोबारी के घर में बड़ी चोरी, 30 लाख के जेवरात और साढ़े चार लाख नगद उड़ाए
लालकुआं। हल्दूचौड़ के नया बाजार में वर्मा ज्वैलर्स के नाम से दुकान चलाने वाले प्रसिद्ध सर्राफा कारोबारी नितेश वर्मा के घर में उस समय बड़ी चोरी हो गई, जब वह परिवार समेत दिल्ली में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। चोरों ने उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर घर से लगभग 30 लाख रुपये के सोने के जेवरात और साढ़े चार लाख रुपये नगदी पार कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कारोबारी सदमे में हैं।
नितेश वर्मा का घर गोपीपुरम में जय अरिहंत कॉलेज के पास स्थित है। वह रविवार को अपने परिवार के साथ दिल्ली गए थे। मंगलवार दोपहर जब वे लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा खोलते ही अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से नगदी और जेवरात गायब थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोरों ने करीब 300 ग्राम सोना और साढ़े चार लाख रुपये नकद चुरा लिए हैं। घर में तोड़फोड़ कर सामान को तहस-नहस कर दिया गया है।
नितेश की पत्नी अभी दिल्ली में ही हैं, ऐसे में चोरी गए पूरे सामान का सटीक आंकलन अभी नहीं हो पाया है। नितेश का कहना है कि जो जेवरात चोरी हुए हैं, वह दुकान का सोना था जिसे वह अलमारी में सुरक्षित रखकर गए थे।
सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मुकदमा दर्ज कर घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बड़ी खबर! आज सचिवालय में जुटेगी धामी कैबिनेट, कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
आज का राशिफल (22 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बड़ी खबर! ग्राफिक एरा और कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर के बीच शैक्षिक सहयोग के लिए एमओयू; कुमाऊं और नागा रेजिमेंट के सैनिकों व परिवारों को असीमित छात्रवृत्तियां
आज का राशिफल (21 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!