नैनीताल कलेक्ट्रेट में सनसनी: कार के अंदर वकील ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट बरामद

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पार्किंग में खड़ी कार के अंदर एक वकील ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और हर कोई स्तब्ध रह गया।

जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट की पार्किंग में खड़ी एक कार से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। जब कार के अंदर झांककर देखा गया तो वकील पूरन सिंह भाकुनी लहूलुहान हालत में पड़े मिले।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा खोलकर जांच की तो वकील का शव अंदर मिला, जिसके सिर पर गोली लगी थी। पुलिस को मौके से एक पिस्टल भी बरामद हुई, जो मृतक के हाथ में पाई गई।

पुलिस जांच के दौरान कार के डैशबोर्ड से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुसाइड नोट में वकील ने अपनी गंभीर बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है। उन्होंने लिखा है कि अब वह “जिंदगी की गाड़ी” आगे नहीं चला पा रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से अपनी पत्नी का ध्यान रखने की अपील भी की है।

हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट की पूरी सामग्री को अभी सार्वजनिक नहीं किया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल है, वहीं अधिवक्ता समुदाय में भी गहरा दुख देखा जा रहा है।