वर्दी पहनने का सपना होगा पूरा? उत्तराखंड में कांस्टेबल समेत 1,694 पदों पर भर्ती शुरू, जानिए पूरी डिटेल
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने कांस्टेबल समेत विभिन्न विभागों के 1,694 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत पुलिस, पीएसी, फायर सर्विस, वन विभाग और जेल सहित कई विभागों में युवाओं को नौकरी पाने का मौका मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 25 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती
आयोग की इस भर्ती में जिला पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला), PAC/IRB कांस्टेबल, फायरमैन, वन रक्षक, स्पेशल टाइगर गार्ड, जेल वार्डर, महिला जेल वार्डर, सचिवालय रक्षक, आबकारी कांस्टेबल और परिवहन कांस्टेबल के पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पे-लेवल 3 के तहत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
25 दिसंबर है आवेदन की अंतिम तारीख
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 25 दिसंबर 2026 तक आवेदन करने के साथ निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म में गलती सुधारने के लिए 28 से 30 दिसंबर तक करेक्शन विंडो खोली जाएगी। वहीं, लिखित परीक्षा 4 अप्रैल 2027 को प्रस्तावित है।
12वीं पास अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। पदों के अनुसार न्यूनतम आयु 18 या 21 वर्ष और अधिकतम आयु 25, 30 या 35 वर्ष निर्धारित की गई है। पुलिस कांस्टेबल, PAC/IRB, फायरमैन, वन रक्षक और स्पेशल टाइगर गार्ड के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं, उत्तराखंड के एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है।
ऐसे होगा अभ्यर्थियों का चयन
चयन प्रक्रिया में पदों के अनुसार शारीरिक मानक परीक्षण (PST), शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) और 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा शामिल होगी। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 45 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 35 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाना होगा। वहां भर्ती विज्ञापन संख्या 84/2026 के लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरकर फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। भर्ती से संबंधित पदवार योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं में गरजे भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र कोश्यारी, गिनाईं धामी 2.0 की उपलब्धियां; बिन्दुखत्ता डी-नोटिफिकेशन पर कही ये बड़ी बात
आज का राशिफल (29 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!