लालकुआं के मोतीनगर में सनसनी: खंडहर स्कूल से मिला लापता छात्रा का बैग, नशे के सबूत भी बरामद

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। मोतीनगर क्षेत्र में एक खंडहरनुमा स्कूल से लापता छात्रा का बैग बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब स्कूल परिसर के अंदर बड़ी मात्रा में नशे से जुड़ा सामान भी मिला।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नेशनल हाईवे किनारे स्थित इस खंडहर स्कूल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। यहां दिन-रात नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता था, लेकिन इस ओर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में संदिग्ध हालत में घूम रहे एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह इसी खंडहर स्कूल में रहता है। इसके बाद स्थानीय लोग उसे लेकर स्कूल परिसर पहुंचे।

स्कूल के अंदर का नजारा देखकर लोग हैरान रह गए। परिसर में बिस्तर, कपड़े, बड़ी संख्या में डिस्पोजेबल सिरिंज, नशे के इंजेक्शन की खाली क्वाइल और दवाओं की खाली शीशियां पड़ी मिलीं। इससे साफ है कि यहां लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार या सेवन चल रहा था।

इसी दौरान लोगों को परिसर से मोटाहल्दू क्षेत्र से लापता हुई कक्षा 10 की छात्रा का बैग और उसमें रखी किताबें भी बरामद हुईं। इस बरामदगी के बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है और पुलिस जांच की मांग तेज हो गई है।

हालांकि मौके का फायदा उठाकर पकड़ा गया व्यक्ति खिड़की के रास्ते फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि खंडहर स्कूल की गहन जांच कर वहां चल रही अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए और लापता छात्रा के मामले में जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जाए।