नैनीताल: यहां रेस्टोरेंट में चली गोली, कर्मचारी की मौत — क्षेत्र में मचा हड़कंप
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से करीब 15 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध कैंची धाम के पास भवाली थाना क्षेत्र में देर रात एक रेस्टोरेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी जगदीश चन्द्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला एक्सीडेंटल फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। घटना के वक्त रेस्टोरेंट के एक कमरे में चार से पांच लोग मौजूद थे, तभी अचानक गोली चल गई, जिससे 38 वर्षीय कर्मचारी आनंद सिंह, पुत्र लोक सिंह निवासी सिमलखा, बेतालघाट की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि जिस बंदूक से गोली चली, वह एक लाइसेंसी हथियार है।
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने बताया कि फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह वास्तव में एक्सीडेंटल फायर था या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।
घटना रात करीब दो बजे भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित किरौला रेस्टोरेंट में हुई। फिलहाल पुलिस परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


आज का राशिफल (08 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा
करोड़ों के फर्जीवाड़े में सख्ती: चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी पर शिकंजा, लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित