नैनीताल: SIR के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, जिले में 6.97 लाख मतदाता; राजनीतिक दलों को सौंपी गई प्रतियां

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी, 6 अक्टूबर 2026। नैनीताल जिले में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मंगलवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। निर्वाचन विभाग के अनुसार अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल 6,97,547 मतदाता पंजीकृत हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। अंतिम सूची की एक प्रति संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास उपलब्ध रहेगी।

राजनीतिक दलों को विधानसभा वार सूची वितरित
निर्वाचन नियमों के तहत पंजीकृत राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जाती है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा-वार मतदाता सूची की एक-एक प्रति वितरित की गई।

निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता सूची से संबंधित सेवाओं के लिए ऑनलाइन व्यवस्था भी उपलब्ध है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट पर SIR Final Roll-2026 और मतदाता सूची में नाम खोजने सहित विभिन्न निर्वाचक सेवाएं उपलब्ध हैं।

18 साल पूरे करने वालों के लिए नाम जुड़वाने का मौका
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी यदि कोई पात्र व्यक्ति 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है और उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह अपने संबंधित BLO से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ऐप या पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।

बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे समेत भाजपा से मनीष पाल और हरिमोहन अरोड़ा, कांग्रेस से संजू उप्रेती, बहुजन समाज पार्टी से जगदीश कुमार, आईएनसी से मनोज शर्मा, शिवसेना से रूपेंद्र नागर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad