नैनीताल: कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मालरोड का किया निरीक्षण, भू धसाव से स्थायी समाधान के दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल में लगातार हो रहे भू धसाव को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने गुरुवार को लोअर मालरोड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ हालात का जायजा लिया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भू धसाव रोकने के लिए स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।

लोअर मालरोड में भू धसाव की वजह से यातायात रोक दिया गया था। यातायात को सुचारू करने के लिए वैकल्पिक रैंप का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान भू वैज्ञानिक लेघराज से पूर्व में कराए गए भू वैज्ञानिक सर्वे की जानकारी भी ली और सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने सिंचाई विभाग को झील के चारों ओर क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन इस परियोजना को प्राथमिकता से ले रहा है और जल्द ही स्थायी ट्रीटमेंट योजना तैयार कर लागू की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि 25 मीटर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत जल्द पूरी की जाए। मालरोड में लगभग 190 मीटर सड़क पर भू धसाव की समस्या है, जिसके स्थायी ट्रीटमेंट के लिए डीपीआर तैयार कर टीएचडीसी के सहयोग से शासन को भेजी जाएगी

इस दौरान आयुक्त कुमाऊँ द्वारा मालरोड स्थित पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया गया, तथा क्षतिग्रस्त भवन की शीघ्र मरम्मत हेतु अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष नगर पालिका सरस्वती खेतवाल, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग पी एस बृजवाल, मुख्य अभियंता सिंचाई संजय शुक्ला, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, भू वैज्ञानिक लेघराज सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।