बिंदुखत्ता में दर्दनाक हादसा: सब्जी लेकर घर लौट रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, मौके पर मौत
लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र के काररोड मुख्य बाजार में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इंद्रानगर द्वितीय निवासी कुंवर सिंह गड़िया अपने परिवार के लिए सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुंवर सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और काफी देर तक खून बहता रहा। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बिना समय गंवाए उन्हें तुरंत हल्द्वानी के सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि घर पर कुंवर सिंह का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि वह अब कभी वापस नहीं लौटेंगे। इस दर्दनाक खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुंवर सिंह गड़िया बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से इंद्रानगर और पूरे बिंदुखत्ता क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
क्षेत्र में तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।


आज का राशिफल (18 अप्रैल 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
(बड़ी खबर)….उत्तराखंड में IAS और PCS अधिकारियों के बंपर तबादले, देखें पूरी लिस्ट