नैनीताल(बड़ी खबर) : रिश्वतखोरी के आरोप में पटवारी निलंबित, DM ने दिए विभागीय जांच के आदेश

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल। जिले के रामगढ़ क्षेत्र में तैनात राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) प्रकाश चन्द्र देवतल्ला को रिश्वत मांगने के आरोप में जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल द्वारा मंगलवार को की गई इस कार्रवाई के बाद देवतल्ला को निलंबन की अवधि में तहसील खनस्यूं में सम्बद्ध किया गया है।

आरोप है कि प्रकाश देवतल्ला द्वारा भूमि का खसरा उपलब्ध कराने के एवज में 25 से 50 हजार रुपये तक की रिश्वत मांगने की बात सामने आई थी। इस संबंध में सोशल मीडिया (फेसबुक) पर एक ऑडियो भी वायरल हुआ, जिसकी जांच में आवाज उन्हीं की पाई गई।

डीएम नैनीताल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जिला प्रशासन शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति पर कार्य कर रहा है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने अन्य सभी कार्मिकों को चेतावनी दी है कि वे अपने आचरण को पारदर्शी और जनहितपरक रखें। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है तो इसकी शिकायत तुरंत जिला प्रशासन, संबंधित प्राधिकरण या टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराई जा सकती है।