बिंदुखत्ता में गैस की किल्लत से हाहाकार, गाड़ी की खबर पर सिलेंडर लेकर दौड़े लोग,…VIDEO

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र में रसोई गैस की लगातार हो रही किल्लत के कारण सोमवार को शहीद स्मारक के पास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गैस की गाड़ी आने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण खाली सिलेंडर लेकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की लंबी कतारें लग गईं और सिलेंडर लेने के लिए होड़ मच गई।

गैस आपूर्ति में लंबे समय से देरी के कारण ग्रामीण पहले से ही परेशान थे। ऐसे में जैसे ही गैस वाहन के पहुंचने की सूचना मिली, आसपास के गांवों से लोग सिलेंडर लेकर वहां पहुंचने लगे। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

स्थिति को देखते हुए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में गैस एजेंसी की ओर से कुछ उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरित किए गए, लेकिन भीड़ लगातार बढ़ने के कारण वितरण कार्य को आगे जारी रखना मुश्किल हो गया।

कोतवाली प्रभारी बृजमोहन राणा ने बताया कि मामले की जानकारी जिला पूर्ति विभाग को दे दी गई है। विभाग की ओर से बताया गया है कि गैस वितरण रोस्टर के अनुसार किया जाएगा और उपभोक्ताओं को उनके घरों तक सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसलिए लोगों को एक ही स्थान पर भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।

इस दौरान दूरदराज के क्षेत्रों से आई महिलाएं भी गैस लेने के लिए मौके पर पहुंचीं। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ समय के लिए वहां जाम जैसी स्थिति भी बन गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य तौर पर क्षेत्र में गांववार रोस्टर के अनुसार गैस वितरण किया जाता है, लेकिन पिछले करीब एक महीने से गैस की गाड़ी क्षेत्र में नहीं पहुंची है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई परिवारों के सामने खाना बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग हो चुकी है, उन्हें जल्द ही रोस्टर के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर वापस घर लौट गए।