लालकुआं में रेलवे की लापरवाही से जनता परेशान: गौला रोड क्रॉसिंग एक घंटे बंद, लोगों का फूटा गुस्सा
लालकुआं। गौला रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग सोमवार रात करीब एक घंटे तक बंद रहने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक फाटक बंद रहने के कारण क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग जाम में फंस गए। लगातार इंतजार और किसी तरह की स्पष्ट सूचना न मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जाम में एंबुलेंस, दुपहिया वाहन, काम से लौट रहे कर्मचारी, छोटे बच्चे और बुजुर्ग लंबे समय तक फंसे रहे। लोगों का कहना है कि रेलवे की अव्यवस्था का खामियाजा हर बार आम जनता को ही भुगतना पड़ता है। समय रहते न तो वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है और न ही फाटक बंद रहने की सही जानकारी दी जाती है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
हालात बिगड़ते देख रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को मौके पर तैनात किया गया। जवानों ने लोगों से संयम बरतने की अपील की, लेकिन आक्रोशित भीड़ रेलवे प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती रही। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या का समाधान करने के बजाय विरोध कर रहे लोगों के वीडियो बनाए गए, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
करीब एक घंटे बाद जब रेलवे क्रॉसिंग खोली गई तो यातायात बहाल हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन नाराजगी बनी रही। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गौला रोड पहले से ही व्यस्त मार्ग है, ऐसे में लंबे समय तक फाटक बंद रहने से पूरे शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है।
स्टेशन अधीक्षक पुष्कर सिंह ने बताया कि पिट लाइन में गई एक ट्रेन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते वह निर्धारित समय से अधिक देर तक खड़ी रही और इसी कारण क्रॉसिंग देर तक बंद रखनी पड़ी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कोई पहली घटना नहीं है। आए दिन रेलवे क्रॉसिंग लंबे समय तक बंद रहने से स्कूली बच्चे, मरीज, नौकरीपेशा लोग और व्यापारी प्रभावित होते हैं। लोगों का कहना है कि रेलवे की लापरवाही से जनता हमेशा परेशान रहती है और जब तक स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक यह समस्या यूं ही बनी रहेगी।


आज का राशिफल (24 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर में महिला से गैंगरेप का आरोप: सरस मेले से लौटते समय हथियार के बल पर वारदात, वीडियो बनाकर दी धमकी; पुलिस ने दर्ज किया केस