लालकुआं: घर से लापता महिला का शव खुरपिया फॉर्म में मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुनसान स्थान पर शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता पत्नी स्वर्गीय संतपाल निवासी गोलागेट, बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बेरीपड़ाव क्षेत्र में निवास कर रही थी। परिवार में उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका है।
जानकारी के मुताबिक सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सुनीता के रूप में की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।


आज का राशिफल (03 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कई IAS-PCS अधिकारियों के तबादले, बदली गई अहम जिम्मेदारियां