महाशिवरात्रि पर बिंदुखत्ता में विराट सद्भावना सम्मेलन, सदगुरुदेव श्री सतपाल महाराज करेंगे संबोधित

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। समीपवर्ती श्री हंस प्रेम योग आश्रम, संजय नगर द्वितीय बिंदुखत्ता में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर 15 फरवरी को विराट सद्भावना सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक संत एवं मानव धर्म के प्रणेता सदगुरुदेव श्री सतपाल महाराज संबोधित करेंगे। सम्मेलन को लेकर आश्रम परिसर में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं मानव उत्थान सेवा समिति के महामंत्री महात्मा सत्यबोधानंद जी ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक यह सद्भावना सम्मेलन आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पूज्य अमृता माता जी सहित अनेक दिव्य विभूतियों का आगमन भी सुनिश्चित हुआ है। सम्मेलन में देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों से सैकड़ों संत-महात्मा, साध्वीजन तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

महात्मा सत्यबोधानंद जी ने बताया कि सम्मेलन से पूर्व सदगुरुदेव श्री सतपाल महाराज बिंदेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित मातृशक्ति मंगल कलश यात्रा के साथ मौजूद रहेंगी। कुमाऊं के पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल, दमाऊ और मसकबीन के साथ सदगुरुदेव महाराज एवं अन्य संतों का भव्य स्वागत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कथा पंडाल, सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भंडारा सहित कुल 63 विभागों का गठन किया गया है, जिनकी जिम्मेदारी अनुभवी और कर्मठ कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आश्रम में आने-जाने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

महात्मा सत्यबोधानंद जी ने बताया कि इस सद्भावना सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम की सफलता के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग से भी सहयोग लिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मानव उत्थान सेवा समिति देश की प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं में से एक है, जो अध्यात्म के माध्यम से मानव समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

पत्रकार वार्ता में महात्मा प्रचारिका बाई जी, इंद्रावती बाई जी, मर्यादा बाई जी, गुंजन बाई जी, महात्मा प्रभाकरानंद, आलोकनंद, नित्यानंद, मानसानंद, घनश्याम रस्तोगी, भुवन भट्ट और मीडिया कोऑर्डिनेटर अजय उप्रेती भी मौजूद रहे।