आँचल दुग्ध संघ का रजत जयंती उत्सव: कालाढूंगी और रामनगर में 40 महिला दुग्ध समितियों की गोष्ठियाँ, 25 हजार उत्पादक जुड़े उत्सव से

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं/कालाढूंगी/रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं द्वारा आयोजित उत्सव के तहत रविवार को कालाढूंगी और रामनगर क्षेत्रों में महिला दुग्ध समितियों की सामूहिक गोष्ठियाँ आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में लगभग 40 महिला दुग्ध समितियों के प्रतिनिधि और करीब 25,000 दुग्ध उत्पादक शामिल हुए।
कार्यक्रमों में दुग्ध उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

कालाढूंगी क्षेत्र में आयोजित गोष्ठी का आयोजन दूध समिति चाँदनी चौक में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक बंशीधर भगत ने महिला दुग्ध उत्पादकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि “महिलाएं दुग्ध उत्पादन में बदलाव की अग्रदूत हैं, और उन्हें आधुनिक तकनीक के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।” उन्होंने आँचल संघ के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आशा जताई कि यह मंच ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाएगा। कालाढूंगी क्षेत्र से 470 से अधिक दुग्ध उत्पादक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

वहीं, रामनगर क्षेत्र की गोष्ठी मंदिर प्रांगण बैड़ाझाल में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादक सदस्य शामिल हुईं। यहां मुख्य अतिथि विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने महिलाओं को सरकार की दुग्ध उत्पादन से जुड़ी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से कहा कि वे सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

आँचल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि “आँचल ब्रांड उत्तराखंड की ग्रामीण आत्मनिर्भरता और महिला शक्ति का प्रतीक है।” उन्होंने बताया कि प्रदेश की महिला दुग्ध उत्पादक अपनी मेहनत और समर्पण से आँचल को राष्ट्रीय पहचान दिला रही हैं।
श्री बोरा ने कहा कि संघ जल्द ही डिजिटल भुगतान प्रणाली, दूध परीक्षण की वैज्ञानिक पद्धति और कोल्ड चेन विस्तार जैसी सुविधाओं के जरिए पारदर्शिता और गुणवत्ता को और सशक्त बनाएगा। उन्होंने सभी समितियों से आह्वान किया कि वे मिलकर उत्तराखंड को “दुग्ध समृद्ध प्रदेश” बनाने में योगदान दें।

इस अवसर पर आँचल संघ की ओर से पीड़ित पशुपालक परिवार को डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री तरुण बंसल, कालाढूंगी मंडल अध्यक्ष विपिन जंतुवाल, सामाजिक कार्यकर्ता विपिन चंद्र जोशी, दुग्ध संघ उपनिदेशक संजय उपाध्याय, संचालक दीपा बिष्ट, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, महिला डेयरी सहायक प्रबंधक गीता ओझा, प्रभारी पर्वतीय कृपाल सिंह, राजेंद्र दुम्का, खलील अहमद, शांति कोरंगा, मुन्नी आर्या, मोहन जोशी, कमलेश कुमार, रमेश मेहता, रमेश आर्या, विपिन तिवारी, हेमंत पाल, मीना रौतेला समेत बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।