लालकुआं में खनन वाहनों पर सख्त कार्रवाई, ओवरलोड में एक वाहन जब्त, कई वाहनों के चालान
लालकुआं। नैनीताल जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शनिवार को लालकुआं स्थित गौला गेट पर परिवहन विभाग, खनन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने वाहनों की सघन चेकिंग चलाया गया। इस दौरान ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन के मामलों में एक वाहन को जब्त किया गया, जबकि कई वाहनों के चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान खनन क्षेत्र में संचालित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने खनन सामग्री ले जा रहे वाहनों की ओवरलोडिंग, तिरपाल से ढकने की व्यवस्था, तौल कांटे पर वजन की प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कुछ स्थानों पर तौल पर्चियों में लदे माल का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया जा रहा है। इस पर अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। इस संबंध में संबंधित विभागों को प्रतिवेदन भेजा जाएगा और पूरी जानकारी जिलाधिकारी को भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।
संयुक्त टीम ने खनन क्षेत्र में धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खनन सामग्री ढोने वाले सभी वाहनों को नियमानुसार तिरपाल से ढककर ही परिवहन करना होगा और सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा।
अभियान के दौरान एक वाहन को ओवरलोडिंग के मामले में जब्त किया गया, जबकि दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच कर कई के चालान किए गए।अधिकारियों का कहना है कि खनन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित खनन नीति और नियमों के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो, प्रदूषण पर नियंत्रण रहे और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस मौके पर खनन पर्यवेक्षक जय प्रकाश, वन विकास निगम के नरेंद्र मर्तोलिया, परिवहन विभाग के गिरीश कांडपाल, निधि सिंह, महेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


आज का राशिफल (07 मार्च 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
धामी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: अल्पसंख्यक आयोग संशोधन से लेकर तीन नए निजी विश्वविद्यालयों को मंजूरी
उत्तराखंड: यहां सड़क हादसा; खाई में गिरा टिप्पर, चालक की मौके पर मौत