बिंदुखत्ता: महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांच चरम पर, कई टीमों ने दर्ज की शानदार जीत

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र के हरीश पवार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तिवारी नगर बिंदुखत्ता में आयोजित नैनीताल ओपन महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। पहले और दूसरे दिन खेले गए मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में बिंदुखत्ता एफ.सी. और एम.जी.डी.जी. क्लब के बीच भिड़ंत हुई, जिसमें एम.जी.डी.जी. क्लब ने 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। दूसरे मैच में डानू फुटबॉल क्लब और पानीपत वारियर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जहां पानीपत वारियर ने 1-0 से जीत अपने नाम की।

तीसरे मुकाबले में हरीश पवार स्पोर्ट्स अकादमी ने शानदार खेल दिखाते हुए बिंदुखत्ता एफ.सी. को 7-1 से करारी शिकस्त दी। चौथे मैच में फ्यूचर चार्म्स और पानीपत वारियर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें पानीपत वारियर ने 1-0 से जीत हासिल कर अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी।

इसके बाद खेले गए मुकाबलों में रुद्रपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम और क्वींस अकादमी के बीच मैच हुआ, जिसमें क्वींस अकादमी ने 2-0 से जीत दर्ज की। वहीं हरीश पवार स्पोर्ट्स अकादमी ने फ्यूचर चार्म्स को 2-0 से हराकर एक और जीत अपने नाम की। डानू फुटबॉल क्लब और रुद्रपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जो 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

टूर्नामेंट में लगातार हो रहे इन मुकाबलों से क्षेत्र में खेल का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में दर्शक खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे।

इस अवसर पर वन अधिकार समिति के सचिव भुवन चंद भट्ट, सदस्य बलवंत सिंह बिष्ट, उमेश चंद्र भट्ट, बसंत पांडे, भरत नेगी, नवीन चंद जोशी, कुंवर सिंह पवार, राजेंद्र सिंह, पुष्कर सिंह बसेड़ा, हरिश सिंह सामंत, साकेत चंद, कमल पांडे सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में संध्या डाला कोटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।