लालकुआं में रोडवेज बस अड्डा निर्माण को मिली रफ्तार, अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। लंबे समय से लालकुआं वासियों का सपना रहा रोडवेज बस अड्डा अब हकीकत बनने की ओर है। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की पहल पर परिवहन, वन और राजस्व विभाग समेत कई विभागों के अधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में प्रस्तावित बस अड्डे की भूमि का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल में परिवहन निगम की मंडलीय प्रबंधक पूजा जोशी, मंडलीय उप प्रबंधक संजय पांडे, वन क्षेत्राधिकारी टांडा रूपनारायण गौतम, डिप्टी रेंजर विशन राम और राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने करीब एक हेक्टेयर वन भूमि का निरीक्षण किया और यहां बस अड्डा निर्माण की कार्ययोजना बनाने पर सहमति जताई।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने बताया कि रेलवे विभाग अपनी भूमि का चिन्हीकरण कर रहा है। इसके बाद वन विभाग द्वारा चयनित भूमि पर बस अड्डे के लिए विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन से अनुमति मिलने के बाद लालकुआं में बस अड्डे का रास्ता लगभग साफ हो गया है।

परिवहन निगम की मंडलीय प्रबंधक पूजा जोशी ने कहा कि वन विभाग ने इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए शासन को पत्राचार भेजा है। उम्मीद है कि अगले छह माह के भीतर बस अड्डा निर्माण में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के सभासद सुरेश शाह, भुवन पांडे, वरिष्ठ लिपिक भुवन जोशी, भाजपा मंडल महामंत्री बॉबी संभल, दीपू नयाल, हेम गुणवंत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।