मुक्तेश्वर घूमने आए पर्यटकों का टैंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, दो की मौत; कई घायल, राहत-बचाव अभियान जारी

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर घूमने आए फरीदाबाद के पर्यटकों के लिए शुक्रवार का दिन दर्दनाक हादसे में बदल गया। रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास पर्यटकों से भरा टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो पर्यटकों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार फरीदाबाद से 21 लोगों का समूह मुक्तेश्वर घूमने आया था। शुक्रवार दोपहर वापस लौटते समय दुत्कानेधार के पास अचानक टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए पुलिस, स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया। साथ ही घायलों के लिए तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की गई।

रेस्क्यू टीमों ने खाई में फंसे पर्यटकों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ पहुंचाया। हादसे में दो पर्यटकों की मौत की सूचना है, जबकि घायल पर्यटकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हादसे की सूचना के बाद प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।