हल्दूचौड़ में दर्दनाक हादसा: तीसरी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र के बमेटा बंगर खीमा स्थित हनुमान मंदिर रोड पर बने तारा कॉम्प्लेक्स में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तीसरी मंजिल से गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जनपद के गौना निवासी जीवन कुमार, जो इंडियन ऑयल की गाड़ी में क्लीनर के रूप में कार्यरत हैं, पिछले तीन वर्षों से अपनी पत्नी मुन्नी देवी (30) और दो छोटे बच्चों के साथ तारा कॉम्प्लेक्स में किराए पर रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि किसी कारणवश मुन्नी देवी तीसरी मंजिल से नीचे गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल उपाध्यक्ष भास्कर सुयाल की मदद से उन्हें तुरंत निजी वाहन से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय महिला का पति ड्यूटी पर था। महिला की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव अल्मोड़ा भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


6 घंटे का सफर अब 2.5 घंटे में: पीएम मोदी ने ₹12,000 करोड़ के दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का किया उद्घाटन
हल्द्वानी: यहां दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी-पिकअप की टक्कर में युवती की मौत, एक गंभीर
पीएम मोदी का उत्तराखंड दौरा आज, डाट काली मंदिर में पूजा के बाद करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन