लालकुआं में दर्दनाक हादसा: सेना भर्ती की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
लालकुआं– नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे बिंदुखत्ता निवासी 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सुभाष नगर स्थित पुराने पुलिस चेकपोस्ट के पास साइकिल से रनिंग प्रैक्टिस के लिए जा रहे छात्र को पीछे से आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुभाष नगर, बिंदुखत्ता निवासी वंश शर्मा बुधवार शाम लगभग 4:30 बजे साइकिल से लालकुआं डॉर्बी फील्ड में दौड़ लगाने जा रहा था। जैसे ही वह पुराने पुलिस चेकपोस्ट के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम घायल छात्र को गंभीर हालत में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वंश शर्मा बीए प्रथम वर्ष का छात्र था और हल्दूचौड़ स्थित लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। परिवार के अनुसार वह भारतीय सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था और रोजाना दौड़ लगाने के लिए लालकुआं आता था। मृतक के रिश्ते के दादा और लालकुआं के वरिष्ठ ट्रांसपोर्टर प्रेम शंकर शर्मा ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वंश के पिता राकेश शर्मा गुजरात में नौकरी करते हैं, जो बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए।
अचानक हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर ली जाएगी।


आज का राशिफल (12 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी में इंसानियत शर्मसार? जहरखुरानी का शिकार युवक को बस से उतार सड़क पर छोड़ने का आरोप, वीडियो वायरल
हल्द्वानी में ज्वैलर्स पर करोड़ों की ठगी का आरोप: सोना-नकदी लेकर फरार हुआ सुनार, एसएसपी ने गठित की संयुक्त टीम
हल्द्वानी-रामनगर में मंगलसूत्र लूट का खुलासा: शातिर आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार
देहरादून में दिनदहाड़े गोलीकांड: परेड ग्राउंड के पास कर्नल के बेटे की हत्या, शहर में सनसनी